बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच निर्वाचन आयोग ने निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक और सख्त कदम उठाया है। आयोग ने डायमंड हार्बर पुलिस जिले में तैनात पांच वरिष्ठ अधिकारियों को ‘गंभीर कदाचार’ और चुनाव प्रक्रिया के दौरान ‘तटस्थता बनाए रखने में विफलता’ के गंभीर आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की जाए। निलंबित होने वाले अधिकारियों में डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आइपीएस) संदीप गराई, एसडीपीओ सजल मंडल और तीन थानों के प्रभारी मौसम चक्रवर्ती (डायमंड हार्बर), अजय बाग (फालता) एवं शुभेच्छा बाग (उस्ती) शामिल हैं।
गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भेजने के निर्देश
विशेष रूप से संदीप गराई के मामले में आयोग ने गृह मंत्रालय को भी रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। आयोग की यह कार्रवाई मुख्य निर्वाचन अधिकारी की 22 अप्रैल की रिपोर्ट पर आधारित है। इसके अतिरिक्त, जिले की पुलिस अधीक्षक डा इशानी पाल को अपने अधीनस्थों पर नियंत्रण रखने में विफल रहने के लिए कड़ी चेतावनी जारी की गई है।आयोग ने आज सुबह 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी है, जो स्पष्ट संकेत है कि चुनाव की पवित्रता से समझौता करने वाले किसी भी प्रशासनिक अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

